बीजेपी विधायक की दबंगई, अधिकारी को पीटा - ABP News

बीजेपी विधायक की दबंगई, अधिकारी को पीटा

टीकमगढ़: मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ जिले में फोन पर बात न करने को लेकर नाराज भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के विधायक के.के. श्रीवास्तव ने जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) उदयराज की पिटाई कर दी. पीड़ित अधिकारी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है, वहीं श्रीवास्तव ने मारपीट से इंकार किया है.

 

सीईओ उदयराज का आरोप है कि वह बुधवार दोपहर अपने दफ्तर में थे, तभी विधायक श्रीवास्तव अपने साथियों के साथ पहुंचे और उनसे कहा कि फोन पर बात क्यों नहीं करते? उदयराज ने जब फोन ही न आने की बात कही तो श्रीवास्तव गुस्से में आ गए और उनकी पिटाई कर दी.

 

इतना ही नहीं, वह उदयराज को जबरन अपनी कार में ले गए और करीब दो घंटे तक अपने साथ रखने के बाद छोड़ा. उदयराज ने विधायक सहित चार अन्य लोगों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है.

 

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनील तिवारी ने सीईओ की ओर से मारपीट की शिकायत की पुष्टि करते हुए मामले की जांच कराने की बात कही. हालांकि बीजेपी विधायक श्रीवास्तव ने मारपीट से इंकार करते हुए कहा कि वह अपने साथियों के साथ उदयराज के पास गए जरूर थे और फोन पर बात नहीं करने की बात भी कही, लेकिन उन्होंने मारपीट नहीं की.

      

 

Download ABP LIVE app on your devices. Click here
Related Stories